अग्निशमन सेवा सप्ताह शुरू: मॉक ड्रिल में सिखाए बचाव के तरीके, इस तरीके से किया गया शुरुआत, जाने..

0
80

सीतामढ़ी,जिला अग्निशमन विभाग ने मंगलवार से अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुरुआत की। 14 से 20 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जिलेभर में आग से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पुलिस लाइन स्थित सदर अनुमंडल अग्निशमन कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व जिला समादेष्टा सह अग्निशमन पदाधिकारी अमृतांशु ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद अग्निशमन जवानों को श्रद्धांजलि देकर की गई। अधिकारियों और कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।
अमृतांशु ने बताया कि सप्ताह का उद्देश्य लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। साथ ही 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया बंदरगाह पर हुए अग्निकांड में शहीद 66 जवानों की स्मृति में यह सप्ताह मनाया जाता है। उस घटना में विस्फोटक सामग्री से लदे जहाज में आग लगने के बाद उसे बुझाने के दौरान जवानों ने जान गंवाई थी।
कार्यक्रम के दौरान अग्निशमन पदाधिकारी ने डीएम रिची पाण्डेय, एडीएम आपदा बृज किशोर पांडेय और डीपीआरओ कमल कुमार एवं कर्मियों को ‘पिन फ्लैग’ लगाकर अग्नि सुरक्षा का संदेश दिया। इसके बाद मॉक ड्रिल में आग लगने की स्थिति में बचाव और राहत कार्यों का प्रदर्शन किया गया। लोगों को फायर एक्सटिंग्विशर (अग्निशामक यंत्र) के सही उपयोग की जानकारी दी गई।
मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने फायर प्रॉक्सिमिटी सूट पहनकर आग पर काबू पाने का लाइव प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने बताया कि विभाग कर्मियों को प्रॉक्सिमिटी सूट, अत्याधुनिक अग्निशामक यंत्र और अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करा रहा है, जिससे आपात स्थिति में सुरक्षित और प्रभावी कार्रवाई संभव हो सके।
सप्ताह के दौरान विभिन्न संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरा और शहर के नवजीवन हॉस्पिटल में भी मॉक ड्रिल कर लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सहायक विद्युत अभियंता अविनाश कुमार, सब-ऑफिसर कमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। अंत में लोगों से अपील की गई कि आग से बचाव के नियमों का पालन करें और आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here