सीतामढ़ी जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी है। जिले के रीगा थाना क्षेत्र स्थित मेहंदी नगर में शनिवार देर शाम बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव की निर्मम हत्या कर दी। हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए एक के बाद एक करीब सात गोलियां मारीं, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात को दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए चार नकाबपोश अपराधियों ने अंजाम दिया। अंधाधुंध फायरिंग करने के बाद सभी आरोपी मौके से भवदेपुर रेलवे गुमटी की ओर तेजी से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल दिनेश यादव को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सीतामढ़ी शहर के आरडी पैलेस रोड निवासी सुरेश यादव के पुत्र के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 राजीव कुमार सिंह, नगर थाना और रीगा थाना पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। हत्या की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों और समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से गोलियों के खोखे बरामद किए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश और आपसी दुश्मनी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। इसके अलावा, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि मृतक का भाई राकेश यादव, मेहसौल चौक के चर्चित व्यवसायी वसीम अहमद खान उर्फ पुट्टु खान हत्याकांड में नामजद आरोपी है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान हत्या का उस मामले से संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से तफ्तीश कर रही है।












